मोदी बोले- फ्लैश जलाकर नॉर्थ-ईस्ट की जनता को सम्मान दें:PM बोले- नॉर्थ-ईस्ट अब न दिल्ली से दूर है, न दिलों से दूर है

Share:-

नई दिल्ली

त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर नॉर्थ-ईस्ट के लोगों का सम्मान करने को कहा। मोदी ने कहा- यह नॉर्थ-ईस्ट की देशभक्ति का सम्मान है। यह नॉर्थ-ईस्ट के प्रगति पर जाने का सम्मान है।

यह प्रकाश उनके सम्मान और उनके गौरव में है। आपका मैं धन्यवाद करता हूं। बीते वर्षों में भाजपा मुख्यालय ऐसे अनेक अवसरों का साक्षी बना है। आज हमारे लिए जनता जनार्दन को विनम्रता से नमन करने का एक और अवसर आया है। इन राज्यों की जनता ने भाजपा और हमारे सहयोगियों को भरपूर आशीर्वाद दिया है।

मैं आज त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड के बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी बधाई देता हूं। अन्य राज्यों में काम करना उतना कठिन नहीं है, जितना नॉर्थ ईस्ट में है इसलिए वे विशेष अभिनंदन के हकदार हैं। इन चुनाव परिणामों में देश- दुनिया के लिए कई संदेश हैं।

भाजपा कार्यालय पहुंचने पर मोदी पर फूल बरसाए गए।
भाजपा कार्यालय पहुंचने पर मोदी पर फूल बरसाए गए।
पहले नॉर्थ ईस्ट में नतीजे आते थे तो दिल्ली में उतनी चर्चा होती ही नहीं होती थी। पहले चर्चा होती भी थी तो सिर्फ हिंसा की होती थी। त्रिपुरा में तो हाल ही ये था कि एक पार्टी के अलावा किसी और का झंडा तक नहीं लगाया जा सकता था। कोई लगाने की कोशिश करता था तो उसे लहूलुहान कर दिया जाता था।

हम एक नई दिशा पर चल पड़ा नॉर्थ-ईस्ट देख रहे हैं। यह दिलों की दूरियां समाप्त होने का ही नहीं, बल्कि नई सोच का प्रतीक है। अब नॉर्थ ईस्ट न दिल्ली से दूर है न दिल से दूर है। यह इतिहास रचे जाने का समय है। मैं नॉर्थ ईस्ट की समृद्धि और विकास का समय देख रहा हूं। कुछ दिन पहले मैं जब वहां गया तो किसी ने कहा कि मोदी जी आपको अपनी हाफ सेंचुरी के लिए बहुत-बहुत बधाई। मैंने पूरा कि कैसी हाफ सेंचुरी तब उन्होंने बताया कि आप जब से प्रधानमंत्री बने हैं तब से 50 बार से अधिक बार नॉर्थ ईस्ट की विजिट कर चुके हैं।

पीएम मोदी दिल्ली बीजेपी दफ्तर पहुंचे, यहां कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
पीएम मोदी दिल्ली बीजेपी दफ्तर पहुंचे, यहां कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
नड्‌डा बोले- मोदी के विजन की जीत
इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- पूर्वोत्तर में भाजपा को मिली जीत, मोदी के विजन का नतीजा है। यह मोदी की मेहनत की जीत है। मोदी ने नार्थ-ईस्ट के विकास का रोडमैप बनाया, जिस पर चलकर वहां की तकदीर बदल गई है। पूर्वोत्तर पहले टारगेट किलिंग, हिंसा और आतंकवाद के लिए जाना जाता था, अब शांति और विकास के लिए जाना जाता है।

त्रिपुरा और नगालैंड में भाजपा गठबंधन को बहुमत
तीनों राज्यों के विधानसभा चुनाव में त्रिपुरा और नगालैंड के रिजल्ट आ चुके हैं। नगालैंड और त्रिपुरा में भाजपा को फिर से बहुमत मिला है। दोनों राज्यों में भाजपा गठबंधन को 37 और त्रिपुरा में 33 सीटें मिली हैं।

उधर, मेघालय में मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा की NPP सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। NPP के खाते में अभी 25 सीटें आ रही हैं। वोटिंग के बाद एग्जिट पोल्स में त्रिपुरा-नगालैंड में भाजपा गठबंधन को बहुमत का अनुमान था। मेघालय में हंग असेंबली के आसार थे। इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने ट्वीट करके कहा- मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने गृहमंत्री अमित शाह को फोन करके सरकार बनाने के लिए मदद मांगी है।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी मुख्यालय पहुंच गए हैं। कुछ ही देर में पीएम भी यहां पहुंचेंगे।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी मुख्यालय पहुंच गए हैं। कुछ ही देर में पीएम भी यहां पहुंचेंगे।
पीएम ने ट्वीट कर कार्यकर्ताओं को बधाई दी
नगालैंड और त्रिपुरा में बीजेपी गठबंधन को जीत मिलने के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर लोगों को धन्यवाद कहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार लोगों के विकास के लिए काम कर रही है। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना करता हूं, मुझे आप लोगों पर गर्व है। वहीं, पीएम ने मेघालय के पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद कहा। पीएम बोले कि हम मेघालय के विकास पथ को बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *