बारां, 2मार्च। राजस्थान के बारां जिला जेल से हत्या का आरोपी बुधवार दोपहर को दीवार फांद कर फरार हो गया। रात को जेल प्रशासन ने शहर पुलिस कोतवाली में यह मामला दर्ज कराया। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। फरार कैदी जिले के ही शाहाबाद क्षेत्र का रहने वाला है। फरार कैदी सीसीटीवी कैमरे की वायर को पकड़ दीवार के सहारे ऊपर चढ़ा था।
जेलर किशनचंद मीणा ने बताया कि बुधवार दोपहर बाद कैदी जनवेद पुत्र इन्द्र जाति सहरिया निवासी बांसखेड़ा थाना केलवाड़ा हाल कलोनी थाना शाहाबाद बुधवार दोपहर बाद जेल दीवार के सहारे लटके सीसीटीवी कैमरे की केबल को पकड़ कर दीवार पर ऊपर चल गया तथा पीछे की साइड से कूद कर भाग गया। उन्होंने बताया कि कैदी चंद मिनटों में ही गायब हो गया। कैदी भागने का पता तब चला जब दोपहर 3 बजे बाद की कैदियों की गणना की गई। जेल में प्रति घंटा कैदियों की गणना की जाती है। जब एक कैदी कम मिला तो दो बार तीन बार गिनती की, तब उक्त फरार हुए कैदी का पता चला तुरंत आनन-फानन में उच्चाधिकारियों को सूचित कर नाकेबंदी करवाई गई। लेकिन कैदी पकड़ में नहीं आया। बाद में बुधवार देर रात को 11 बजे बाद शहर कोतवाली में जेलर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई।
हालांकि जेलर का दावा है कि जिस समय कैदी भागा। दीवार के ऊपर स्थित करीब 4 फीट के कटीले तारों में करंट प्रवाहित था।
पत्नी की हत्या का है आरोपी-
जेल से फरार हुआ कैदी जनवेद को पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। वह मूलरूप से शाहाबाद के कलोनी गांव का रहने वाला है, गत 25 फरवरी को उसने उसकी पत्नी की हत्या कर दी थी। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। वह ससुराल में घरजवांई के रूप केलवाड़ा थाना क्षेत्र के बांसखेड़ा गांव में रह रहा था।
उधर, पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिले में नाकाबंदी करा कर फरार जनवेद की तलाश की जा रही है। पुलिस टीमों का गठन भी किया है। फरार कैदी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।