-भाजपा सत्ता में आई तो पूरी कांगे्रस होगी सलाखों के पीछे
भरतपुर, 16 मार्च (ब्यूरो): भारतीय जनता पार्टी द्वारा गुरुवार को कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ जिला मुख्यालय पर जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया और कलेक्ट्रेट के सामने लगी बेरिकेटिंग को तोड़ दिया। इस पर पुलिस ने वॉटर केनन से पानी की बौछार कर भीड़ को तितर-बितर किया और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर भाजपा कार्यालय पहुंचाया।
जनाक्रोश रैली को संबोधित करते हुए जिला प्रमुख जगत सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान दे डाला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पागलखाने में डाल देना चाहिए। बता दें कि जगत सिंह के पिता कुंवर नटवरसिंह गांधी परिवार के काफी करीबी रहे हैं। कांग्रेस सरकार में वे कई बार केंद्रीय मंत्री भी रहे।
जगत सिंह यहीं नहीं रुके। उन्होंने यहां तक कह डाला कि अगली बार भाजपा बहुमत से सत्ता में आएगी, तब पूरी कांग्रेस को जेल में डाल दिया जाएगा। इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने जन सैलाब को संबोधित करते हुए किसान कर्ज माफी, पेपर लीक, बिगड़ी कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध आदि जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ हल्ला बोला।