सेंसेक्स 927 अंक नीचे बंद
कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते आज यानी बुधवार (22 फरवरी 23) को शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 927 अंक टूटकर 59,744 पर आ गया। निफ्टी भी 272 अंक नीचे 17,554 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार की बिकवाली में बैंकिंग, मेटल और IT स्टॉक्स सबसे आगे रहे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 में गिरावट रही।
अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में गिरावट रही। फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 11.05% टूटकर 1397 रुपए पर बंद हुआ। अडाणी पोर्ट्स भी 7.24% फिसलकर 541 रुपए पर आ गया। अडाणी पावर, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी, टोटल गैस, विल्मर, एनडीटीवी, ACC और अंबुजा सीमेंट में करीब 5-5% की गिरावट रही।ग्रुप का मार्केट कैप 8 लाख करोड़ रुपे से नीचे पहुंचा
शेयरों में लगातार गिरावट के चलते अडाणी ग्रुप का मार्केट कैप 8 लाख करोड़ रुपए से नीचे आ गया है। मंगलवार को, ग्रुप के 10 शेयरों का कंबाइन्ड मार्केट कैप 8,09,182 करोड़ रुपए था। वहीं 24 जनवरी को हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने से पहले ग्रुप का एम कैप 19.19 लाख करोड़ था।
इतना ही नहीं, फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर्स लिस्ट के मुताबिक गौतम अडाणी की नेटवर्थ सिर्फ 43.4 बिलियन डॉलर रह गई है। अडाणी को बीते 24 घंटे में 6.2 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। वे दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 26वें नंबर पर आ गए हैं।
हाइफा पोर्ट के लिए किया 1.2 बिलियन डॉलर का पेमेंट
भारत में इजराइल के दूत नौर गिलोन ने बुधवार को कहा कि अडाणी ग्रुप ने हाइफा पोर्ट के लिए पूरा 1.2 बिलियन डॉलर का पेमेंट कर दिया है। पिछले महीने, अडाणी ग्रुप ने हाइफा पोर्ट का अधिग्रहण किया था। हाइफा का पोर्ट शिपिंग कंटेनरों के मामले में इजराइल में दूसरा सबसे बड़ा पोर्ट है और शिपिंग टूरिस्ट क्रूज शिप्स में सबसे बड़ा है।
अडाणी ग्रुप ने SBI का 1,500 करोड़ रुपए का कर्ज चुकाया
इस बीच, हिंडनबर्ग रिपोर्ट के असर को कम करने और निवेशकों का भरोसा कायम रखने के लिए अडाणी ग्रुप अब अलग रणनीति पर काम कर रहा है। ग्रुप अब अपना पूरा फोकस कर्ज के भुगतान और कैश बचाने पर कर रहा है। इसके साथ ही ग्रुप ने अपनी विस्तार योजनाओं पर ब्रेक लगाने का फैसला भी किया है।
इसका ताजा उदाहरण पीटीसी इंडिया डील से कदम पीछे खींचना है। सोमवार को ही ग्रुप की ओर से जारी एक बयान में जानकारी शेयर की गई थी कि अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) ने SBI का 1,500 करोड़ रुपए का कर्ज चुका दिया है।
निफ्टी मेटल सबसे ज्यादा 2.64% टूटा
NSE के सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी मेटल सबसे ज्यादा 2.64% टूटा है। पीएसयू बैंक इंडेक्स में 1.91% और प्राइवेट बैंक में 1.68% की गिरावट रही। निफ्टी बैंक इंडेक्स 1.67% नीचे बंद हुआ। मीडिया और रियल्टी भी 1.5% से ज्यादा गिरे हैं। वहीं ऑटो और आईटी में 1% से ज्यादा की गिरावट देखी गई। फार्मा और एफएमसीजी 0.3% के करीब गिरे हैं।