Raipur congress महाधिवेशन के बाद कांग्रेस की मेगा रैली:खड़गे बोले- तेरी 56 इंच की छाती लेकर हम क्या करेंगे, हजारों लोग भूखे मर रहे
रायपुर में कांग्रेस के महाधिवेशन के बाद हाथ से हाथ जोड़ो जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस के तमाम सीनियर नेताओं ने जनता को संबोधित किया और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि बीजेपी के कितने लोग आजादी के लिए जेल गए, ये लोग नौकरी में लगे थे। आज बोलते हैं, हम लोग देशभक्त हैं। मेरी 56 इंच की छाती है, तेरी 56 इंच की छाती लेकर हम क्या करेंगे, हजारों लोग भूखे मर रहे हैं
राजधानी के जोरा मैदान में इस जनसभा का आयोजन किया गया था। इसमें तमाम कांग्रेसी नेता शामिल रहे। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- मैं पहली बार छत्तीसगढ़ आई हूं। मुझे बहुत खुशी हो रही है। खासकर के इस अधिवेशन को लेकर जो यहां हुआ। मेरी दादी यहां की कहानियां सुनाया करती थीं। सोनिया जी ने भी यहां का बहुत दौरा किया। मुझे बताया करती थीं।
उन्होंने कहा-हमारा संविधान समानता की बात करता है। देश की सरकार आपको समानता की दृष्टि से देखे। सबको समानता से ही अधिकार मिलता है। इज्जत से जीने का मौका मिलता है। इसी संविधान को मजबूत करने देश में मीडिया, न्यायपालिका और संसद है। इन तीनों से संविधान मजबूत होता है। मगर ये तीनों जब कमजोर होते हैं, तब सामान तरह से आपको न्याय नहीं मिलता है।
कांग्रेस के 85वें अधिवेशन से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
1. सोनिया का राजनीति से रिटायरमेंट का इशारा, बोलीं- भारत जोड़ो यात्रा के साथ मेरी पारी समाप्त हो सकती है
सोनिया बोलीं- 2004 और 2009 में पार्टी का परफॉर्मेंस हो या फिर मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का मेरा निर्णय। यह व्यक्तिगत तौर पर मेरे लिए संतोषजनक रहा।
2. नहीं होगा CWC का चुनाव, खड़गे को सदस्य नॉमिनेट करने का अधिकार; पार्टी के संविधान में संशोधन पर चर्चा
रायपुर में कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन हो रहा है। इसमें शामिल होने देशभर से कांग्रेस नेता पहुंचे हैं। राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी अधिवेशन में शामिल हुए। स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में तय हुआ है कि CWC का चुनाव नहीं होगा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सदस्य नॉमिनेट करने का अधिकार सर्वसम्मति से दिया गया है। पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महंगाई, बेरोजगारी और अडानी मसले को लेकर केंद्र पर तंज कसा।
सब्जेक्ट समिति की बैठक में राजनीतिक, आर्थिक और विदेशी मामले, कृषि, युवा शिक्षा, रोजगार, सामाजिक कल्याण, सशक्तिकरण के विषयों पर बात हुई। इस पर राजनीतिक प्रस्ताव भी लाया जा सकता है।
शुक्रवार सुबह से चल रही अनिश्चितता की खबरों के बाद दोपहर करीब 3 बजे सोनिया गांधी और राहुल गांधी विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर चरणदास महंत, AICC के महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित अन्य नेताओं ने किया।
एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। छत्तीसगढ़ी अंदाज में स्वागत के लिए कई नृत्य दल यहां बुलाए गए थे। सोनिया और राहुल के यहां पहुंचते ही उनके समर्थन में नारे लगे। यहां से वे निजी रिसॉर्ट के लिए रवाना हुए हैं। इसके बाद वे महाधिवेशन स्थल जाएंगे।
स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में बोले खड़गे
इससे पहले, स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अधिवेशन इस लिहाज से खास है कि आज से करीब 100 साल पहले 1924 में महात्मा गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए थे। तब यह महाधिवेशन मेरे गृह राज्य कनार्टक के बेलगांव में हुआ था। उन्होंने कम समय में कांग्रेस को गरीब, कमजोर तबकों, गांव-देहात और नौजवानों को एक साथ जोड़कर एक आंदोलन बना दिया था। 100 साल बाद उसी संकल्प की जरूरत है। ये उनके प्रति हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी।
कांग्रेस के हर महाधिवेशन में कुछ अहम फैसले हुए हैं। जिससे हमारा संगठन आगे बढ़ा। कुछ अधिवेशन मील के पत्थर बने। राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा से देशभर में जो ऊर्जा भरी और महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मुद्दों पर जिस तरह जागरूकता फैलाई है, उस जोश को हमें बनाए रखना है।
पवन खेड़ा ने बीजेपी अध्यक्ष के चुनाव पर उठाए सवाल
कांग्रेस के अधिवेशन में पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार पर देश के कई मुद्दों पर निशाना साधा। बोले- महंगाई, बेरोजगारी, चीन और अडानी मसले सहित कई ज्वलंत मुद्दों पर प्रधानमंत्री को बात करने का समय नहीं है। इन मसलों पर बातचीत पर कोई जवाब ही नहीं मिलता। उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष के चयन पर भी तंज कसा।