-आकर्षण का केन्द्र बनी चरखा चलाते महात्मा गांधी की प्रतिमा
जयपुर, 10 सितंबर। जयपुर के मशहूर सिद्धहस्त पुश्तैनी आर्टिस्ट मुकेश अर्जुन प्रजापति की मेटल में बनाई चरखा चलाते राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा दिल्ली के राजघाट चौराहे पर जी-20 राष्ट्राध्यक्षों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनी रहीं, जिसे भरपूर सराहना मिली। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और कई अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने आर्टिस्ट मुकेश अर्जुन प्रजापति की इस कला को दिलीतौर पर परखा व सराहा।
यह चित्ताकर्षक प्रतिमा दिल्ली के गांधी स्मृति गार्डन के बाहर राजघाट चौराहे पर स्थापित की गई है, जिसका अनावरण कुछ दिनों पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया था। साथ ही राष्ट्रपति ने आर्टिस्ट मुकेश प्रजापति का नाम लेकर उनकी कला और हस्तलाघवता की तारीफ की थी। इसके अलावा राष्ट्रपति ने आर्टिस्ट मुकेश प्रजापति को दिल्ली में मिलने को कहा था।
देश–दुनिया के मकबूल आर्टिस्ट रहे पद्मश्री अर्जुन प्रजापति के हुनरमंद बेटे मुकेश अर्जुन प्रजापति ने महात्मा गांधी की यह प्रतिमा ब्रांज में बनाई है। साढ़े 11 फीट ऊंचाई, 9 फीट चौड़ाई और 6 फीट मोटाई की इस प्रतिमा को पहले क्ले में बनाया गया। फिर पीओपी के बाद फाइबर डाई में ढाला गया। इसके बाद इस प्रतिमा को ब्रांज में चित्ताकर्षक रूप दिया गया। आर्टिस्ट मुकेश अर्जुन प्रजापति ने कहा कि स्व. पिता अर्जुन प्रजापति के आशीर्वाद से ही इस प्रतिमा को सराहा जा रहा है।