‘संजीवनी घोटाले में गजेंद्र सिंह के मां-बाप सहित परिवार शामिल’
संजीवनी घोटाले पर सीएम अशोक गहलोत ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। उन्होंने शेखावत पर आज फिर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संजीवनी घोटाले में इनके परिवार के लोग शामिल हैं। गजेंद्र सिंह के पिता, इनकी माता जी, इनकी पत्नी, इनके साले पांचों लोग उसमें शामिल हैं। इनकी माता जी का निधन हो गया है। इनका पूरा परिवार शामिल है। इस मामले में लगभग 50 आरोपी हैं।
प्रधानमंत्री ने ऐसे आदमी को मंत्री बना रखा है
गहलोत ने कहा कि जिस व्यक्ति के ऊपर भयंकर आरोप हैं, प्रधानमंत्री ने ऐसे आदमी को मंत्री बना रखा है। प्रधानमंत्री उनकी जांच करें। गहलोत बजट पर बैठक लेने के बाद सचिवालय में आज दोपहर बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
संजीवनी घोटाले के 80 फीसदी पीड़ित राजपूत
गहलोत ने कहा कि संजीवनी घोटाले में पीड़ितों में 80 परसेंट राजपूत हैं, मैंने भगवान सिंह रोलसाबसर से बात की है, वे गजेंद्र सिंह शेखावत के गुरु हैं। मैंने कहा भगवान सिंह जी इसे समझाओ कि पैसा वापस लौटाए। विदेशों के अंदर पता नहीं कितना पैसा लगा रखा है? इथियोपिया, ऑस्ट्रेलिया और भी पता नहीं कितने देशों में गजेंद्र सिंह का पैसा लगा हुआ है। केंद्रीय मंत्री को यह बात क्लियर करनी चाहिए। क्यों नहीं वह ईडी को जांच दिलवा रहे।सीबीआई गजेंद्र सिंह की जेब में
संजीवनी मामले की जांच सीबीआई को देने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि सीबीआई तो गजेंद्र सिंह और इन लोगों की जेब में है।
गहलोत ने कहा कि गजेंद्र सिंह को एसओजी के पास जाना चाहिए और कहना चाहिए कि मुझे अरेस्ट कर लीजिए। इससे पहले हमारी सरकार गिरा रहे थे, यह भी एक मुख्य किरदार था। यह वॉयस सैंपल दे नहीं रहा । कोर्ट से बार-बार रिलीफ ले रहा है।
उन्होंने कहा कि वॉयस सैंपल की जरूरत ही नहीं है, पूरी दुनिया जानती है कि सरकार गिराने के षडयंत्र वाले ऑडियो में गजेंद्र सिंह की आवाज है। जोधपुर का सांसद हमारी सरकार को गिरा रहा था, मारवाड़ का मुख्यमंत्री और उसकी सरकार गिराकर मारवाड़ की बेज्जती कर रहा है।
संजीवनी क्रेडिट कॉपरेटिव सोसाइटी के घोटाले में सीएम अशोक गहलोत और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के बीच जुबानी पिछले तीन दिन से चल रही है।
दो दिन पहले गजेंद्र सिंह शेखावत ने गहलोत पर हमला बोलते हुए उन पर राजनीतक हत्या करने के लिए चरित्र हनन करने का आरोप लगाया था। फिर गहलोत ने गजेंद्र सिंह पर पलटवार करते हुए दावा किया है संजीवनी घोटाले के बाकी दोषियों की तरह ही गजेंद्र सिंह के खिलाफ भी जुर्म साबित हो चुका है।
सीएम अशोक गहलोत ने शेखावत पर निशाना साधते हुए कहा- केंद्रीय मंत्री संजीवनी को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड घोटाले के मामले में जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की जांच में दूसरे गिरफ्तार किए जा चुके अभियुक्तों के समान धाराओं में ही उनके ऊपर जुर्म प्रमाणित हो चुका है।
वो स्वयं इस बात को अच्छे से जानते हैं। सिंह जानते हैं कि 1 लाख से ज्यादा पीड़ितों की जिंदगीभर की जमापूंजी के करीब 900 करोड़ से ज्यादा की रकम को संजीवनी सोसाइटी ने लूटा है
संजीवनी घोटाले के आरोपियों की प्रोपर्टी तक अटैच नहीं की है
गहलोत ने कहा- इस मामले में प्रोपर्टी अटैच करने के अधिकार SOG के पास ना होकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के पास हैं।
SOG ने पिछले दो साल में ED को 5 बार संजीवनी सोसाइटी से जुड़ी प्रोपर्टी अटैच करने का आग्रह किया है।
इसके बावजूद देशभर में विपक्षी नेताओं के घर छापे मारने वाली ED ने अभी तक संजीवनी घोटाले के आरोपियों की प्रोपर्टी तक अटैच नहीं की है।