उदयपुर। राजस्थान भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान का जबाव देते हुए कहा कि असल सत्ताग्रही तो कांग्रेस है। वह बताएं उन्होंने कब सत्याग्रह किया और किस दिन वह जेल गए। दो दिवसीय यात्रा पर उदयपुर आए देवनानी से मंगलवार को हुई बातचीत में उन्होंने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक तरह से परजीवी है, यह तो उसी को खा जाती है, जिसे कोई आसरा दे। उन्होंने देश के लोकतंत्र और संविधान तक को कांग्रेसियों ने नहीं छोड़ा, उसे भी खा गए।
देवनानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भाजपा को सत्ताग्रही और कांग्रेस को सत्याग्रही बताने वाले बयान पर कहा कि वास्तव में सत्ताग्रही तो ये ही लोग हैं। कांग्रेस का सत्याग्रह से कोई लेना देना नहीं है। आजादी के बाद साठ साल तक एक ही परिवार के लोग प्रधानमंत्री रहे तो ये लोग सत्याग्रही कैसे हो सकते हैं। 52 साल के राहुल गांधी अगर एक भी सत्याग्रह करके एक दिन के लिए भी जेल गए हों तो बता दें। ये लोग भारत जोड़ने की बातें करते हैं और खुद की कांग्रेस पार्टी को आज तक नहीं जोड़ पाए। सबसे ज्यादा संविधान को कांग्रेस ने कुचला। उन्होंने नियम-कायदे ताक पर रख आपातकाल लगाया। आजादी के बाद करीब 90 से ज्यादा बार विभिन्न राज्यों में सरकारों को बर्खास्त करने का काम किया।
सत्ता के लिए लेते हैं महात्मा गांधी का नाम
देवनानी ने कहा कि कांग्रेस को महात्मा गांधी केवल सत्ता के लिए चाहिए। केवल वह उनके नाम का दुरुपयोग करते रहे हैं। उनका गांधीजी के जीवन, उनके काम और आदर्शों से कोई लेना—देना नहीं। देवनानी ने कहा प्रदेश के हालात किसी से छिपे नहीं। सीएम अशोक गहलोत ने जो बजट घोषणाएं की हैं वह धरातल पर उतरना संभव नहीं है। इसी साल चुनाव है औेर कुछ महीने बाद ही आचार संहिता लग जाएगी। यह सब जनता को गुमराह करने के लिए किया गया है।
2023-02-28