पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे के स्वागत कार्यक्रम में भिड़े भाजपाई,धक्का मुक्की व छीना झपटी में कार्यकर्ताओं के फ़टे कपड़े

Share:-


रतनगढ़ 21 अप्रैल। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे गत सायं रतनगढ़ के दौरे पर रही। सूरतगढ़ से जयपुर जाते समय पूर्व सीएम स्थानीय मेगा हाइवे पर स्थित निजी होटल में रुकी। जहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान भी कार्यकर्ताओं में स्वागत की होड़ लग गई तथा इस दौरान छीना-झपटी भी शुरू हो गई । जिसमे भाजपा कार्यकर्ताओं में गुटबाजी के कारण धक्का मुक्की शुरू हो गई, जिससे कुछ कार्यकर्ताओं के कपड़े भी फट गए, धक्का मुक्की से बिगड़ते माहौल को देखते हुए, पुलिस ने बीचबचाव भी किया। इस दौरान स्थानीय नेताओं के समर्थन में उनके कार्यकर्ता नारेबाजी कर अपना शक्ति प्रदर्शन करते रहे। कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के चलते पूर्व मुख्यमंत्री महज एक मिनट ही अपना उदबोधन दे पाई, जिसमें उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत करने पर उनका आभार प्रकट किया। राजे के आगमन पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ-साथ व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट की होड़ में लगे सभी नेता व जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में नजर आए। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने विधायक अभिनेष महर्षि पर कार्यक्रम में बिना बुलाये आकर अपने समर्थकों द्वारा बदमाशी व हुड़दंग मचाने का आरोप भी लगाया है। गौरतलब है कि शहर में काफी समय से भाजपा में अंतर्कलह चल रही है भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं भाजपा मंडल का एक गुट है तो दूसरी ओर विधायक महर्षि व उनके समर्थकों का गुट है। मूल भाजपा एवं विधायक समर्थकों में गुटबाजी के कारनामे आये दिन देखने को मिलते हैं। इस अवसर पर सांसद राहुल कस्वां, विधायक कालीचरण सराफ, पूर्व मंत्री राजपालसिंह शेखावत, विधायक अभिनेष महर्षि, भाजपा नेता शिवभगवान कम्मा, अरविंद इंदौरिया, गिरधारीलाल खीचड़, युवा नेता मनीष रिणवा, पार्षद रामकिशन माटोलिया, मनोज हारित, हनुमान बारवाल, रमेश पारीक, नन्दलाल भार्गव, बजरंग गुर्जर, मनोज जोशी, मदनलाल सैनी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *